फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज का हेल्थ टिप्स: कोविड-19 से ठीक होने के बाद भी महसूस होती है कमजोरी-सुस्ती, आहार में इन चीजों को शामिल करने से मिलेगा लाभ

Fri, 25 Feb 2022 12:00 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
कोरोना के बाद कमजोरी की समस्या - फोटो : Pixabay
कोरोना संक्रमण से ठीक होने के बाद कुछ समय तक थकान और कमजोरी जैसी समस्याओं का बना रहना सामान्य माना जाता है। डॉक्टर्स बताते हैं, संक्रमण से मुकाबले के दौरान शरीर में माइक्रोन्यूट्रिएंट्स की कमी हो जाती है, जिसके कारण आपकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी कमजोरी जैसी समस्या बनी रह सकती है। इसके अलावा लॉन्ग कोविड की समस्या के कारण भी कुछ लोगों में ठीक होने के बाद कुछ दिनों से लेकर महीनों तक थकान-कमजोरी बनी रह सकती है। अगर आप भी हाल ही में संक्रमण के शिकार रह चुके हैं और फिलहाल कमजोरी महसूस करते हैं तो इससे बचाव के लिए आपको आहार में विशेष बदलाव की आवश्यकता है। 

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, कोविड-19 के बाद लोगों में लंबे समय तक इस तरह की दिक्कतें बनी रह सकती हैं। ऐसी समस्याएं संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती लोगों के अलावा हल्के लक्षण वाले लोगों में भी देखी जा रही है। पोस्ट कोविड की इन परेशानियों से बचे रहने के लिए अपने आहार, पोषण और दिनचर्या में उचित बदलाव करने की आवश्यकता है। आइए आगे की स्लाइडों में जानते हैं थकान-कमजोरी से निपटने के लिए किन चीजों का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है?
विज्ञापन

2 of 4
प्रोटीन का बढ़ाएं सेवन - फोटो : iStock
प्रोटीन की बढ़ाएं मात्रा
कोरोना के बाद थकान और कमजोरी महसूस होने का मुख्य कारण शरीर में पोषक तत्वों की कमी होना माना जाता है। इसके लिए रिकवरी के बाद पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन का सेवन अवश्य सुनिश्चित करें। बीमारी के दौरान मांसपेशियों  होने वाले नुकसान की भरपाई में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शरीर को दोबारा शक्ति प्रदान करने के लिए भोजन में प्रोटीन वाली चीजों को शामिल करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। डेयरी उत्पाद, सोयाबीन, अंडे को प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है।
विज्ञापन

3 of 4
विटामिन सी का सेवन आवश्यक - फोटो : iStock
विटामिन सी वाले आहार
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना से रिकवरी के बाद कमजोरी और थकान को कम करने के लिए आहार में विटामिन-सी वाली चीजों को जरूर शामिल करें। पालक, पपीता, कीवी, टमाटर, आम और स्ट्रॉबेरी जैसे फलों को इस विटामिन का सबसे बेहतर स्रोत माना जाता है। शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के साथ कोविड फटीग को दूर करने में इन चीजों का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
विज्ञापन

4 of 4
आहार में जिंक वाली चीजें करें शामिल - फोटो : iStock
सुनिश्चित करें जिंक की पर्याप्त मात्रा
जिंक एक और महत्वपूर्ण पोषक तत्व है जो प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने में मदद करता है। इसके लिए राजमा, लोबिया, चना, बादाम, कद्दू के बीज, चिकन, दूध और पनीर आदि का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद माना जाता है। जिंक न सिर्फ शरीर को दोबारा शक्ति प्रदान करता है, साथ ही संक्रमण के कारण हुई माइक्रोन्यूट्रिएंट्स की कमी की पूर्ति करने में भी इसके लाभ माने जाते हैं। आहार में जिंक की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित करें।


----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें