फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आज का हेल्थ टिप्स: नहीं खाते हैं अंडे तो कोई बात नहीं, इन चीजों से भी प्राप्त कर सकते हैं पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन

Tue, 22 Mar 2022 12:02 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
प्रोटीन के लिए क्या खाएं? - फोटो : Pixabay
शरीर को बेहतर ढंग से कार्य करते रहने के लिए पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। प्रोटीन, शरीर के लिए ऐसा ही एक आवश्यक तत्व है जो मांसपेशियों के निर्माण के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यों में मदद करता है। जब आप प्रोटीन के बारे में सोचते हैं, तो सबसे पहले अंडे और चिकन जैसे मांसाहार से संबंधित खाद्य पदार्थों का ध्यान आता है। लेकिन अगर आप शाकाहारी हैं तो फिर इस अति आवश्यक तत्व की पूर्ति कैसे की जाए? आमतौर पर धारणा रहती है कि प्रोटीन के मुख्य स्रोत मांस पर आधारित खाद्य पदार्थ ही होते हैं, हालांकि यह पूरी तरह से सही नहीं है।

अध्ययनों से पता चलता है कि पौधों पर आधारित कई सारे खाद्य पदार्थों का सेवन करके भी शरीर के लिए आवश्यक प्रोटीन की मात्रा आसानी से प्राप्त की जा सकती है। ऐसे में शाकाहारी लोगों को ज्यादा चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। कई तरह के फलों-सब्जियों को भी आहार में शामिल करके आप प्रोटीन ले सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सप्लीमेंट्स और पाउडर की जगह आहार के माध्यम से प्रोटीन प्राप्त करने पर अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए। आइए आगे की स्लाइडों में ऐसे ही खाद्य पदार्थों के बारे में जानते हैं जिनका सेवन करके आप इस पोषक तत्व को प्राप्त कर सकते हैं।
विज्ञापन

2 of 4
चने में प्रोटीन की मात्रा - फोटो : Pixabay
सफेद चने (छोले) 
शाकाहारी लोगों के लिए आहार में सफेद चने को शामिल करना विशेष लाभदायक माना जाता है। 100 ग्राम छोले से 19 ग्राम प्रोटीन की प्राप्ति की जा सकती है। पौधों पर आधारित यह खाद्य पदार्थ आपके लिए प्रोटीन की दैनिक आवश्यकताओं की आसानी से पूर्ति कर सकता है। प्रोटीन के अलावा सफेद चने में करीब 12 ग्राम फाइबर होता है जो आपके पाचन को दुरुस्त रखने और शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सफेद के साथ काले चने भी प्रोटीन का अच्छा स्रोत माने जाते हैं, इसका अंकुरण करके सेवन करना विशेष लाभदायक हो सकता है। 
विज्ञापन

3 of 4
मटर से प्राप्त करें प्रोटीन - फोटो : getty images
हरी मटर का करें सेवन
सर्दियों में हरी मटर बहुतायत मात्रा में उपलब्ध होती है। ये न सिर्फ आपके लिए पसंदीदा सब्जी हो सकती है, साथ ही शाकाहारी लोगों के लिए इसे प्रोटीन का अच्छा स्रोत भी माना जाता है। प्रोटीन के अलावा हरी मटर फाइबर और एंटीऑक्सिडेंट जैसे पोषक तत्वों से भी भरपूर होती है। इसमें ऐसे गुण होते हैं जो कई बीमारियों के जोखिम को कम कर सकते हैं। हरे मटर का सेवन करना आपकी सेहत के लिए विशेष लाभदायक हो सकता है।
विज्ञापन

4 of 4
बादाम से पाएं प्रोटीन - फोटो : pixabay
बादाम और अन्य नट्स
शरीर के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए दैनिक रूप से मुट्ठी भर सूखे मेवों के सेवन की सलाह दी जाती है। इसमें भी बादाम खाना आपके लिए कई तरह से लाभदायक हो सकता है। बादाम प्रोटीन, स्वस्थ वसा, विटामिन-ई और एंटीऑक्सिडेंट का अच्छा स्रोत हैं। बादाम को छिलके सहित खाकर ज्यादा से ज्यादा पोषक तत्व प्राप्त कर सकते हैं। बादाम के अलावा काजू, अखरोट से भी प्रोटीन की प्राप्ति की जा सकती है। आहार में सूखे मेवों को जरूर शामिल करने की आदत बनाएं।


----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें