हम सभी हमेशा खुश रहना चाहते हैं, पर क्या ऐसा कर पाते हैं? शायद नहीं। काम के दबाव, सामाजिक और कई तरह के अन्य कारणों के चलते लोगों में तनाव-चिंता जैसी मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। गंभीर स्थितियों में लोग अवसाद के भी शिकार हो जाते हैं, यह सभी स्थितियां आपकी खुशियों के बीच बड़ी अड़चन हो सकती हैं। मनोवैज्ञानिक दृष्टि से समझें तो सेरोटोनिन की कमी को मूड की खराबी और खुशी की भावना में कमी का प्रमुख कारण माना जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सेरोटोनिन एक रासायनिक संदेशवाहक है, माना जाता है कि यह मूड स्टेबलाइजर के रूप में कार्य करता है। नींद के पैटर्न को बेहतर रखने के साथ आपके मूड को बढ़ावा देने में भी इसे मददगार माना जाता है। शोध से पता चलता है कि सेरोटोनिन का स्तर मूड और व्यवहार पर प्रभाव डाल सकता है। यही कारण है कि अक्सर स्वास्थ्य विशेषज्ञ उन चीजों के अधिक सेवन की सलाह देते हैं जिनसे आसानी से सेरोटोनिन के स्तर को बढ़ाने में मदद मिल सके। यदि आपको भी अक्सर मूड खराब रहने या खुशी की भावना में कमी का शिकायत रहती है तो इस बारे में जरूर ध्यान देना चाहिए। आइए आगे की स्लाइडों में जानते हैं कि किन चीजों का सेवन करके सेरोटोनिन के स्तर को बढ़ाने और मूड को सही रखने में मदद मिल सकती है?