देशभर में होली की उमंग और धूम का माहौल है। रंगों और उत्साह के इस त्योहार का हम सभी पूरे साल इंतजार करते रहते हैं, पर पिछले दो साल की तरह इस बार भी होली पर कोरोना का साया मंडरा रहा है। देश में संक्रमण की रफ्तार भले ही थम गई है, पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सभी लोगों को अब भी लगातार सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है। विशेषकर होली के दिनों में चूंकि बाजारों में भीड़ और त्योहार में लोगों से मिलना-जुलना अधिक हो जाता है, ऐसे में आपकी जरा सी भी लापरवाही संक्रमण के जोखिम को दोबारा से बढ़ा सकती है। यही कारण है कि सभी लोगों को सुरक्षित और सेहतमंद होली पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक होली के समय में कोरोना के खतरे को लेकर हम सभी को और भी अलर्ट रहना जरूरी है। सभी लोगों को लगातार 'कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर' का पालन करते रहना चाहिए, जिससे किसी भी तरह से संक्रमण को फिर से बढ़ने से रोका जा सके। पिछले दो साल से होली के बाद संक्रमण के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिलता रहा है, ऐसे में हमें विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। आइए आगे की स्लाइडों में समझते हैं कि किन बातों को ध्यान में रखकर हम होली के दौरान कोरोना के जोखिम और प्रसार को कम कर सकते हैं।