फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विशेषज्ञों की चेतावनी: सिर्फ चीनी ही नहीं, अधिक नमक का सेवन भी बेहद हानिकारक, समय से पहले मृत्यु का बढ़ा देता है खतरा

Thu, 30 Jun 2022 04:52 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
ज्यादा नमक से सेहत को नुकसान - फोटो : Pixabay
अधिक मात्रा में चीनी के सेवन को डायबिटीज के प्रमुख जोखिम कारक के तौर पर जाना जाता है। इतना ही नहीं अधिक चीनी या मीठी चीजों का सेवन मोटापा और इससे संबंधित कई तरह की अन्य बीमारियों के खतरे को बढ़ा देता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सिर्फ चीनी ही नहीं नमक का भी अधिक मात्रा में सेवन करना आपकी सेहत को गंभीर क्षति पहुंचा सकता है।

सामान्यतौर पर अधिक मीठी चीजों से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में तो बात की जाती रही है, हालांकि अधिक नमक के सेवन और इससे होने वाली समस्याओं की तरफ लोगों का ध्यान कम ही जाता है। पर अध्ययन बताते हैं कि यह चीनी की तरह ही नुकसानदायक हो सकता है।

नमक, लगभग 40% सोडियम और 60% क्लोराइड से बना होता है। भोजन के स्वाद को बढ़ाने के लिए इसे अति आवश्यक माना जाता है। मांसपेशी और तंत्रिकाओं के कार्य के लिए यह आवश्यक खनिज है। हालांकि डॉक्टर्स इसका सीमित मात्रा में ही सेवन करने की सलाह देते हैं। नमक या नमक वाली चीजों का अधिक सेवन शरीर पर कई प्रकार के अल्पकालिक और दीर्घावधि दोनों तरह के दुष्प्रभावों का कारण बन सकता है। इतना ही नहीं अध्ययनों से पता चलता है कि अधिक नमक का सेवन करने वाले लोगों में समय से पहले मृत्यु का जोखिम भी बढ़ जाता है।
विज्ञापन

2 of 5
नमक का सीमित मात्रा में करें सेवन - फोटो : iStock
कितनी मात्रा में नमक का सेवन सुरक्षित?

नमक के अधिक सेवन से होने वाले जोखिमों के बारे में जानने से पहले यह जान लेना आवश्यक है कि कितनी मात्रा में नमक के सेवन को सुरक्षित माना जाता है? आहार संबंधी दिशानिर्देशों में विशेषज्ञ बताते हैं कि वयस्कों को प्रतिदिन 2,300 मिलीग्राम से कम की मात्रा में सोडियम का सेवन करना चाहिए। यह लगभग एक बड़े चम्मच के बराबर की मात्रा है। यह मात्रा सिर्फ भोजन में प्रयोग किए जाने वाला ही नहीं, बल्कि खाद्य पदार्थों जैसे चिप्स या जंक-फास्ट फूड्स में भी प्रयोग किए जाने वाले नमक की मात्रा को शामिल करके है। 

आइए अधिक नमक से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

3 of 5
हाई ब्लड प्रेशर का खतरा - फोटो : Pixabay
हाई ब्लड प्रेशर का कारक

अधिक मात्रा में नमक के सेवन के कारण हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को सबसे सामान्य माना जाता है। ब्लड प्रेशर बढ़ने को हृदय रोगों और हार्ट अटैक के प्रमुख कारक के तौर पर जाना जाता है। अध्ययनों की समीक्षा में विशेषज्ञों ने बताया गया है कि नमक का सेवन अगर कम कर दिया जाए तो इससे हाई ब्लड प्रेशर को काफी हद तक कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। विशेषकर भोजन में ऊपर से नमक मिलाने को विशेषज्ञ अधिक हानिकारक मानते हैं।

4 of 5
अधिक नमक के नुकसान - फोटो : pxiabay
बढ़ जाता है पेट के कैंसर का जोखिम

कुछ अध्ययन बताते हैं कि अधिक मात्रा में नमक का सेवन  पेट के कैंसर के खतरे को भी बढ़ा सकता है। 2.68 लाख से अधिक प्रतिभागियों पर किए गए एक शोध से पता चलता है कि प्रतिदिन एक ग्राम या इससे कम मात्रा में नमक खाने वाले लोगों की तुलना में 3 ग्राम या उससे अधिक नमक का सेवन करने वालों में पेट के कैंसर का खतरा 68 फीसदी अधिक हो सकता है। कैंसर दुनियाभर में मृत्यु के प्रमुख कारकों में से एक माना जाता रहा है।  
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
नमक का सेवन कम करें - फोटो : istock
समय से पहले मृत्यु का खतरा

शोधकर्ताओं का कहना है कि जिस तरह से अधिक नमक का सेवन हाई ब्लड प्रेशर से लेकर हृदय रोग और कैंसर तक के जोखिम को बढ़ा देता है, इस आधार पर इसे समय से पहले मृत्यु को बढ़ाने वाले कारकों में से एक माना जा सकता है। कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि नमक का अधिक सेवन रक्तचाप में वृद्धि और रक्त वाहिकाओं-धमनियों के सख्त होने का कारण बनता है। इन परिवर्तनों के परिणामस्वरूप भी हृदय रोग और समय से पहले मृत्यु का जोखिम अधिक हो सकता है।


----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें