फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

काम की बात: गठिया के दर्द-सूजन को कम करने में बेहद कारगर है यह घरेलू उपाय, अध्ययन में दावा

Sun, 03 Oct 2021 07:35 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
गठिया के दर्द की समस्या - फोटो : iStock
गठिया (आर्थराइटिस) दुनियाभर में तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। भारत में साल दर साल गठिया के रोगियों के आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं। एक आंकड़े के मुताबिक देश में 180 मिलियन (18 करोड़) से ज्यादा लोग गठिया के शिकार हैं। इतना ही नहीं देश की लगभग 14 फीसदी आबादी को गठिया की बढ़ती समस्याओं के कारण हर साल डॉक्टर की मदद लेने की आवश्यकता होती है। गठिया, जोड़ों में सूजन और गंभीर दर्द की समस्या का कारण बन सकती है, जिसके कारण दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों को करने में भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक गठिया के उपचार में लक्षणों को कम करने के साथ रोगी के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने पर ध्यान दिया जाता है। रोगियों को दर्द कम करने के लिए नॉनस्टेरॉइडल एंटी-इंफ्लेमेटरी दवाएं (एनएसएआईडी) दी जाती हैं जिससे सूजन और दर्द में राहत मिल सके। कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि कई तरह के घरेलू उपायों के माध्यम से भी इस समस्या को कम किया जा सकता है। आइए इस लेख में विशेषज्ञों द्वारा सुझाए ऐसे ही एक बेहद कारगर उपाय के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 5
जोड़ों के दर्द को ठीक करने के उपाय - फोटो : iStock
गठिया का घरेलू उपचार
ब्रिटेन के वैज्ञानिकों द्वारा हाल ही में किए गए एक शोध से पता चलता है कि अनानास के जूस का सेवन करने वाले लोगों में गठिया की समस्या और इसकी जटिलताएं कम हो सकती हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि खट्टे-मीठे स्वाद वाला अनानास विटामिन-सी और ब्रोमेलैन एंजाइम का एक अद्भुत स्रोत है। कई अध्ययनों में ब्रोमेलैन को रूमेटोइड आर्थराइटिस के दर्द और सूजन को कम करने में बेहद फायदेमंद पाया गया है। अमेरिकी स्वास्थ्य और मानव विज्ञान विभाग के अनुसार, अनानास के फल और तने में ब्रोमेलैन पाया जाता है जिसका सेवन फायदेमंद हो सकता है। 
विज्ञापन

3 of 5
गठिया में अनानास खाने के फायदे - फोटो : pixabay
गठिया रोग में अनानास खाने के फायदे
अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि अनानास में पाया जाने वाला ब्रोमेलैन न केवल दर्द और सूजन को कम करने में फायदेमंद हो सकता है साथ ही यह नाक और साइनस, मसूड़ों और शरीर के अन्य अंगों की तमाम बीमारियों को कम करने में भी असरदार पाया गया है। ब्रोमेलैन को तरल और जेल के रूप में जलन वाले स्थान पर लगाने से भी लाभ मिलता है।
इतना ही नहीं, साल 2006 में जर्नल आर्थराइटिस रिसर्च इन थेरेपी की एक समीक्षा में वैज्ञानिकों ने बताया कि गठिया की ओवर-द-काउंटर दर्द निवारक दवाओं की तुलना में ब्रोमेलैन का उपयोग ज्यादा लाभदायक हो सकता है। 

4 of 5
अनानास के फायदे जानिए - फोटो : Pixabay
अनानास के अन्य फायदे
वैज्ञानिकों का कहना है कि गठिया की समस्या को ठीक करने के अलावा अनानास खाना या उसका जूस पीना कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं में भी लाभदायक हो सकता है। अनानास में पाए जाने वाले पॉलीफेनोल्स कार्बनिक यौगिक ऑस्टियोआर्थराइटिस के दर्द को कम करने के साथ जोड़ों के लचीलेपन और गतिशीलता में सुधार करने में भी मदद कर सकते हैं। इसके अलावा अनानास में फाइबर की भी अच्छी मात्रा पाई जाती है जो कोलोरेक्टल कैंसर के विकास के जोखिम को कम करने में मददगार पाई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
बेहद फायदेमंद है अनानास खाना - फोटो : Pixabay
इन बातों का रखें ध्यान
वैज्ञानिकों के मुताबिक वैसे तो अनानास खाना सभी के लिए फायदेमंद माना जाता है हालांकि जिन लोगों को अनानास से एलर्जी है उनको इससे कुछ दिक्कतें हो सकती हैं। गर्भावस्था या स्तनपान के दौरान ब्रोमेलैन का उपयोग करना सुरक्षित है या नहीं, इस बारे में ज्यादा अध्ययन नहीं हुआ है। ऐसे में इन स्थितियों में बिना डॉक्टर के सलाह के किसी भी चीज का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके अलावा यदि आपका पहले से किसी बीमारी का इलाज चल रहा है तो भी डॉक्टर के सलाह पर ही अनानास  का सेवन करें, क्योंकि ब्रोमेलैन का कुछ दवाओं के साथ
रिएक्शन हो सकता है। 

--------------------
स्रोत और संदर्भ: 

Arthritis: The drink that can ‘reverse inflammation’ and offer fast pain relief

अस्वीकरण नोट: यह लेख अमेरिकी स्वास्थ्य और मानव विज्ञान विभाग द्वारा साझा की गई जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें