हृदय रोग, गंभीर स्वास्थ्य समस्या है जिसका असर लगभग सभी उम्र और लिंग वालों पर देखा जा रहा है। आंकड़े बताते हैं, हर साल हृदय रोगों के कारण दुनियाभर में लाखों लोगों की मौत हो जाती है। पुरुष हो या महिला, दोनों में ये बीमारी हो सकती है, पर लिंग के आधार पर हृदय रोगों में एक बड़ा अंतर भी देखा जाता रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, वैसे तो महिलाओं में पुरुषों की तुलना में हृदय रोग और हार्ट अटैक का खतरा कम होता है पर जैसे-जैसे उम्र बढ़ती जाती है इसका जोखिम अधिक होता जाता है।
अध्ययनों में पाया गया है अमूमन 40 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं में हृदय रोगों के विकसित होने का जोखिम पुरुषों की तुलना में कम होता है, पर कुछ ही वर्षों में ये जोखिम अचानक से बढ़ सकता है। जैसे-जैसे आप 45-50 की उम्र की होती जाती हैं, आपमें हार्ट अटैक और अन्य गंभीर स्थितियों का खतरा अधिक हो सकता है। पर ऐसा क्यों है? आइए जानते हैं।