साल 2022 में अब कुछ ही दिन शेष हैं, फिर नए साल का स्वागत। सेहत के लिहाज से इस साल के घटनाक्रमों को याद करें तो यह साल कई मामलों में चुनौतीपूर्ण रहा। पिछले तीन साल से जारी कोरोना महामारी के कारण साल के शुरुआत में देश में तीसरी लहर जरूर देखने को मिली हालांकि समय के साथ इसमें काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया, पर एक समस्या जो पूरे साल लोगों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण बनी रही और आने वाले साल में भी जिसको लेकर विशेषज्ञ अलर्ट कर रहे हैं, वह है हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट के बढ़ते मामले। साल 2022 को हृदय स्वास्थ्य के लिए काफी चुनौतीपूर्ण माना जा सकता है।
इस साल हार्ट अटैक के मामले सुर्खियों में रहे, विशेषकर सडेन हार्ट अटैक जिसमें चलते-नाचते हुए लोगों को दिल का दौरा पड़ा जिससे उनकी मौत हो गई। यह खतरा अब भी जारी है और स्वास्थ्य विशेषज्ञ साल 2023 के लिए भी लोगों को अलर्ट कर रहे हैं।
कुछ दशकों पहले तक हार्ट अटैक को उम्र बढ़ने के साथ होने वाली समस्या के तौर पर जाना जाता था पर इस साल 30-40 की आयु वाले लोगों में भी इसका खतरा काफी अधिक देखा गया।