सर्दियों के सबसे पसंदीदा खास खाद्यों में से एक हैं ड्राय फ्रूट्स या सूखे मेवे। याद कीजिए कुछ दशकों पहले बचपन में खाने के लिए कई तरह के सूखे मेवों के लड्डू दिए जाते थे, यह सर्दियों का असली आनंद तो होता ही था, साथ ही इसके पीछे छिपा होता था स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण पहलू भी। सूखे मेवे यानी ड्राय फ्रूट्स पोषण के साथ-साथ शरीर को भीतर से गर्माहट देने का काम भी करते थे, ताकि ठंड का बुरा असर शरीर को नुकसान न पहुंचाए। बाकी मौसमों के हिसाब से चूंकि सूखे मेवे गरिष्ठ हो सकते हैं, इसलिए घर के बड़े-बुजुर्ग काजू, किशमिश, बादाम, खसखस, केसर, गोंद, गुड़ आदि जैसी चीजों के सेवन के लिए इस मौसम को खासतौर पर अच्छा मानते हैं।
पोषण देने के साथ ही सूखे मेवों में मौजूद गुणकारी तत्व हड्डियों को मजबूत बनाने, दिल को हेल्दी रखने से लेकर डिप्रेशन और स्ट्रेस जैसी स्थितियों से लड़ने में भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह एलर्जी जैसी समस्याओं से आपका बचाव करने में भी सक्षम होते हैं। लेकिन इनका फायदा तब है जब आप इनका उपयोग सही तरीके से, सही मात्रा में और नियमित करें। जानिए किस तरह एलर्जी व अन्य समस्याओं से बचाव में भूमिका निभाते हैं ड्राय फ्रूट्स।