आंखों को ईश्वर का वरदान माना जाता है, इसी अंग की मदद से हम दुनिया के खूबसूरत नजारों का आनंद ले पाते हैं। पर क्या वास्तव में हम आंखों का ठीक से ख्याल रख रहे हैं? डॉक्टर बताते हैं, आंखें शरीर की सबसे संवेदनशील अंग हैं जिनको विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। बाहरी चोट या क्षति से बचाने के साथ आंखों को स्वस्थ रखने के लिए उचित पोषण का ध्यान रखना भी आवश्यक माना जाता है। आंखों की रोशनी को ठीक रखने और इससे संबंधित बीमारियों से बचाव के लिए कुछ विटामिन्स को अध्ययनों में काफी आवश्यक पाया गया है, सभी लोगों को नियमित रूप से आहार के माध्यम से इनका सेवन करना सुनिश्चित करना चाहिए।
साल 2001 में प्रकाशित एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि कुछ पोषक तत्व जैसे जिंक,कॉपर, विटामिन-सी, विटामिन-ई और बीटा कैरोटीन आंखों की रोशनी को ठीक रखने और उम्र के साथ होने वाली कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने में लाभकारी हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कम उम्र से ही अगर आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखते हुए इन चीजों का सेवन किया जाता रहे तो आंखों को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। इतना ही नहीं ये आहार मोतियाबंद जैसी बीमारियों से आपको बचाने में भी मददगार हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि आंखों को स्वस्थ रखने के लिए किन चीजों का सेवन किया जाना आवश्यक माना जाता है?