शरीर को स्वस्थ रखने के लिए विशेषज्ञ, सभी लोगों को आहार पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हैं, इसमें बरती गई लापरवाही कई गंभीर और क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को बढ़ाने वाली हो सकती है। अध्ययनों में ज्यादा मीठी चीजों को सेहत के लिए नुकसानदायक बताया गया है। आमतौर पर माना जाता है कि अधिक मात्रा में चीनी वाली चीजों का सेवन करने वालों में डायबिटीज का जोखिम अधिक होता है, पर क्या आप जानते हैं कि चीनी सिर्फ डायबिटीज ही नहीं हृदय रोगों और कैंसर जैसी समस्याओं के जोखिम को भी बढ़ा देती है। यही कारण है कि विशेषज्ञ कम मात्रा में ही चीनी के सेवन की सलाह देते हैं।
अगर आप भी ज्यादा मीठा खाने के शौकीन हैं, तो सावधान हो जाइए, इससे कई प्रकार के नुकसान हो सकते हैं। सॉस से लेकर पीनट बटर तक, ऐडेड शुगर वाली चीजें सेहत के लिए समस्याओं को बढ़ाने वाली हो सकती हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि चीनी का अधिक सेवन मोटापे और कई क्रोनिक बीमारियों, जैसे टाइप-2 डायबिटीज, हृदय रोगों के जोखिम को बढ़ा देता है। इसकी मात्रा को कंट्रोल करना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं कि चीनी का अधिक सेवन किस प्रकार की समस्याओं को बढ़ाने वाला हो सकता है?