मच्छर जनित रोगों के कारण वैश्विक स्तर पर हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है। भारत में भी इन दिनों इस तरह के रोगों से बचाव के लिए लोगों को सावधान किया गया है। मानसून के दिनों में देशभर में डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित होते हैं और अस्पतालों में भीड़ बढ़ जाती है।
हालिया रिपोर्ट्स भी चिंताजनक हैं, जिसमें पता चलता है कि कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र जैसे कई राज्यों में डेंगू के रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कर्नाटक में बिगड़ते हालात को देखते हुए यहां डेंगू को महामारी तक घोषित कर दिया गया है।
डेंगू-मलेरिया और चिकनगुनिया से इतर इन दिनों कुछ देशों में एक और मच्छर जनित रोग स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा रहा है। खबरों के मुताबिक यूएस के कई स्टेट्स ईस्टर्न इक्वाइन इंसेफेलाइटिस (ईईई) नामक गंभीर रोग का प्रकोप झेल रहे हैं। इतना ही नहीं कई शहरों में लॉकडाउन जैसे हालात बन गए हैं, जहां लोगों से घरों में ही रहने की अपील की गई है।