आंखें हमारे शरीर का आईना होती हैं, ये कहना गलत नहीं होगा। कई अध्ययनों से पहले से साबित हो चुका है कि आंखों में दिखने वाले बदलाव सेहत की असली कहानी बताते हैं। आंखों में लालिमा, दर्द, पीलापन या फिर दृष्टि में किसी तरह के बदलाव से आप काफी हद तक ये जान सकते हैं कि शरीर में सबकुछ सही चल रहा है या नहीं?
आंखों से अचानक कम दिखने, किताब के अक्षर साफ न दिखने जैसी स्थितियों को आमतौर पर डायबिटीज की समस्या से जोड़कर देखा जाता रहा है। खून में शुगर बढ़ने पर आंख के लेंस के आकार और उसके फोकस करने की क्षमता पर असर पड़ सकता है, जिससे कुछ समय के लिए धुंधला दिख सकता है। हालांकि ब्लड शुगर नियंत्रित होने पर यह धुंधलापन ठीक भी हो सकता है।
लेकिन हर बार धुंधला दिखने का मतलब डायबिटीज नहीं होता। आंखों की कई बीमारियां और उम्र के साथ होने वाले बदलाव भी नजर को धुंधला कर सकते हैं। अगर आप भी इस तरह की दिक्कतों का सामना कर रहे हैं तो आइए जान लेते हैं कि इसकी पीछे क्या कारण हो सकते हैं?