AIIMS Doctor Pollution Advice: प्रदूषण, कोहरा, धुंध और सर्दी दिल्ली इन दिनों चौतरफा मार झेल रही है। वायु प्रदूषण का बढ़ता स्तर अब सीधे तौर पर लोगों की सेहत पर दिखने लगा है, जिससे क्षेत्र के अस्पतालों में सांस संबंधी मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। AIIMS दिल्ली के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सौरभ मित्तल के अनुसार अस्पताल की ओपीडी में सांस से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
डॉ. मित्तल ने इस बात पर जोर दिया कि बीता हुआ रविवार इस साल सबसे अधिक AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) वाला दिन रहा है। बता दें कि बीते रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 461 थी। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, उन्होंने लोगों को खुद को सुरक्षित रखने के लिए कई आवश्यक सुझाव दिए हैं। यह स्पष्ट है कि अगर प्रदूषण का यह लेवल लंबे समय तक बना रहा, तो अस्थमा और COPD जैसी दीर्घकालिक बीमारियों के विकसित होने का खतरा बढ़ जाएगा।