देशभर में गर्मियों की शुरुआत हो गई है। तापमान बढ़ने लगा है, साथ ही बढ़ने लगा है कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, गर्मियों का मौसम हमारी सेहत के लिए कई तरह से चुनौतीपूर्ण हो जाता है। तेज धूप-लू के कारण हीट स्ट्रोक और भोजन में अशुद्धि के चलते फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याओं का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को इस मौसम में अपनी सेहत को लेकर खास सावधानी बरतते रहने की सलाह देते हैं।
गर्मियों में डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी भी काफी बढ़ जाती है। डिहाइड्रेशन को वैसे तो हम सभी काफी हल्के में लेते हैं, पर ये छोटी सी समस्या कई बार बड़ी मुसीबतों का कारण भी बन सकती है।
डिहाइड्रेशन के कारण थकान, चक्कर आना, सिरदर्द और ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत होना आम है। यदि समय पर ध्यान न दिया जाए तो यही समस्या गंभीर रूप भी ले सकती है। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और हार्ट या किडनी के मरीजों में इसका खतरा ज्यादा होता है।
क्या आप जानते हैं कि डिहाइड्रेशन की स्थिति आपको कैंसर का भी शिकार बनाने वाली हो सकती है?