पिछले तीन साल से वैश्विक स्तर पर कोविड-19 गंभीर समस्या रही है। भले ही इन दिनों दुनियाभर में संक्रमण की रफ्तार काफी नियंत्रित है, पर विशेषज्ञ कहते हैं इसे अभी भी हल्के में लेने की गलती नहीं करनी चाहिए। हाल ही में वैज्ञानिकों ने अमेरिका के कुछ स्टेट्स में कोरोना के नए वैरिएंट EU.1.1 की पुष्टि की है, जिसको लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। छह जुलाई तक दुनियाभर में 69.12 करोड़ लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है जिसमें से 68.98 लाख लोगों की मौत हुई।
कोरोना के संक्रमण को लेकर सामने आए एक हालिया आंकड़े में विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया है कि साल 2022 के अंत तक अमेरिका में लगभग 5 में से 1 व्यक्ति कभी भी COVID-19 से संक्रमित नहीं हुआ था। यह निष्कर्ष रक्तदान के विश्लेषण से आया है। सीडीसी ने 2022 के दौरान हर 3 महीने में 143,000 लोगों के डोनेटेड रक्त का विश्लेषण किया, जिसमें कोविड-19 एंटीबॉडी की उपस्थिति का पता लगाया गया।