भारत में कोरोना वायरस वैक्सीन का परीक्षण अंतिम चरण में पहुंच चुका है, वैक्सीन का उत्पादन भी तेजी से हो रहा है। भारत सरकार ने कहा है कि टीकाकरण एक महीने में शुरू हो सकता है। उधर, नेपाल ने भी अपनी वैक्सीन की जरूरतों को पूरा करने की पहल शुरू कर दी है, और भारत में बन रही वैक्सीन में रुचि दिखाई है। भारत में नेपाल के राजदूत नीलांबर आचार्य ने बताया कि वैक्सीन को लेकर उन्होंने भारत में वैक्सीन निर्माताओं और सरकारी अधिकारियों के साथ दिल्ली में चर्चा की। पश्चिमी देशों में टीकाकरण की शुरुआत के बाद से नेपाल में चर्चा तेज है कि वहां वैक्सीन की आपूर्ति कैसी की जाएगी। राजदूत आचार्य ने भारत में एक वैक्सीन निर्माता, सीरम इंस्टीट्यूट के एक वरिष्ठ अधिकारी और भारत के नीति आयोग के प्रमुख अभिताभ कांत के साथ बातचीत की।