भारत के टीकाकरण अभियान को 'दुनिया का सबसे बड़ा' टीकाकरण अभियान माना जा रहा है, जिसकी शुरुआत शनिवार यानी 16 जनवरी से हो गई। पहले दिन एक लाख 91 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। सबसे पहले टीका पाने वालों में डॉक्टर, नर्स और सफाईकर्मी शामिल हैं। दरअसल, सरकार ने पहले ही यह योजना बना ली थी कि पहले चरण में कितने लोगों को वैक्सीन दी जाएगी, फिर दूसरे चरण में कितने लोगों को और इसके लिए किस तरह की तैयारियां करनी हैं, आदि। सरकार की योजना जुलाई 2021 तक 30 करोड़ भारतीयों को कोरोना वैक्सीन देने की है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, प्राथमिकता के आधार पर पहले तीन करोड़ स्वास्थ्यकर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। आइए जानते हैं आखिर कोरोना टीकाकरण अभियान को भारत ने कैसे अंजाम दिया?