कोरोना वायरस की वैक्सीन (Coronavirus vaccine) को लेकर दुनियाभर में 150 से ज्यादा कैंडिडेट्स पर काम हो रहा है। इनमें से 21 से ज्यादा वैक्सीन क्लिनिकल ट्रायल के अलग-अलग चरणों में है, जबकि करीब पांच वैक्सीन सफलता के बिल्कुल नजदीक हैं। रूस इसी महीने वैक्सीन उपलब्ध कराने का दावा कर रहा है, तो दूसरी ओर चीन ने भी जल्द ही दो वैक्सीन तैयार करने का दावा किया है। इधर, अमेरिका में एक वैक्सीन का 30 हजार लोगों पर ह्यूमन ट्रायल शुरू हुआ है, तो दूसरी ओर मॉडर्ना कंपनी की वैक्सीन भी क्लिनिकल ट्रायल में बेहतर रिजल्ट दे रही है। भारत में COVAXIN के अलावा जायडस कैडिला की वैक्सीन भी ह्यूमन ट्रायल के फेज में है। वहीं, ब्रिटेन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की वैक्सीन का भारतीय कंपनी सीरम इंडिया कोविशील्ड नाम से दूसरे और तीसरे चरण का ट्रायल करने की तैयारी में है। इन तमाम अच्छी खबरों के बाद एक जो सबसे महत्वपूर्ण सवाल है, वह यह है कि वैक्सीन सबसे पहले किन्हें मिलेगी?