फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Winter Health Tips: रक्त वाहिकाओं में जमाव-संकीर्णता को कम कर सकती हैं ये चीजें, बनाएं आहार का हिस्सा

Thu, 04 Jan 2024 02:36 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
तंत्रिकाओं को स्वस्थ रखने वाले तत्व - फोटो : istock
सर्दियों का ये मौसम खाने-पीने की तरह-तरह की चीजों के लिए लोगों का जितना पसंदीदा होता है, सेहत के लिए उतना ही चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को ठंड से बचाव करते रहने और सेहत का ख्याल रखने की अपील करते हैं। ब्लड प्रेशर से लेकर डायबिटीज हो या हार्ट की समस्या, ये मौसम सभी लोगों के लिए समस्याएं बढ़ाने वाला हो सकता है। ऐसे में सिर्फ बच्चे और बुजुर्ग ही नहीं, सभी उम्र के लोगों के विशेष सतर्कता बरतते रहने की जरूरत होती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सर्दी के दिनों में रक्त वाहिकाओं का संकीर्ण होना बड़ी समस्या है, ये ब्लड प्रेशर से लेकर डायबिटीज रोगियों की दिक्कतों को बढ़ाने वाली हो सकती है। ठंड के दिनों में होने वाली मौतों के लिए भी इसे प्रमुख कारणों में से एक माना जाता है। पर क्या आप जानते हैं कि कुछ चीजों का सेवन करके आप इस समस्या के खतरे को कम कर सकते हैं?
विज्ञापन

2 of 5
वाहिकाओं में संकुचन की समस्या - फोटो : Pixabay
सर्दियों में संकीर्ण होने लगती हैं रक्त वाहिकाएं

डॉक्टर बताते हैं, अधिक ठंड के कारण त्वचा के कोल्ड रिसेप्टर्स उत्तेजित हो जाते हैं, इस स्थिति में हाथों और पैरों में वाहिकासंकुचन यानी कि रक्त वाहिकाओं के सख्त और संकीर्ण होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। ठंड के कारण होने वाली वाहिका संकुचन से रक्तचाप और चिपचिपाहट भी बढ़ने लगती है इसके अलावा प्लाज्मा की मात्रा कम हो जाती है। ये स्थिति हृदय संबंधी कार्यों को कठिन बना सकती है, यही कारण है कि सर्दियों में हार्ट अटैक होने का खतरा अधिक रहता है।

आहार में कुछ चीजों को शामिल करके रक्त वाहिकाओं को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन

3 of 5
चुकंदर खाने के फायदे - फोटो : Pixabay
सर्दियों में करें चुकंदर का सेवन

रक्त वाहिकाओं को आराम देने और रक्तचाप को कंट्रोल रखने के लिए चुकंदर का सेवन काफी लाभकारी हो सकता है। जड़ वाली ये सब्जी नाइट्रेट से भरपूर होती है, जिसे हमारा शरीर नाइट्रिक ऑक्साइड में बदल देता है। नाइट्रिक ऑक्साइड, रक्त वाहिकाओं को प्राकृतिक रूप से ढीला करने और रक्त के प्रवाह को बेहतर बनाने में मदद करती है। चुकंदर का जूस आपके सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर को भी कम कर सकता है। इसको आहार का हिस्सा जरूर बनाएं।

हालांकि लो ब्लड प्रेशर या ब्लड थिनर दवाओं का सेवन करने वाले लोगों को चुकंदर का सेवन कम या डॉक्टर की सलाह पर ही करना चाहिए।

4 of 5
मछलियों के फायदे - फोटो : Pixabay
मछलियां काफी लाभकारी

यदि आप हमेशा सोचते हैं कि मछली आपके हृदय के लिए अच्छी क्यों है? तो इसका एक कारण रक्त वाहिकाओं की सेहत को ठीक रखना है। फैटयुक्त मछलियां ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होती हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि ये यौगिक आपके रक्त परिसंचरण को बेहतर रखने में मददगार हैं। मछली खाने से न केवल आपका रेस्टिंग ब्लड प्रेशर कम रहता है, साथ ही यह धमनियों को साफ रखने और इनमें किसी जमाव को रोकने में भी मदद कर सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
लहसुन के फायदे - फोटो : Pixabay
लहसुन भी बहुत फायदेमंद

लहसुन हर घर में मसाले के रूप में प्रयोग में लाया जाता है पर क्या आप जानते हैं कि रक्त वाहिकाओं को स्वस्थ रखने में इसके बहुत लाभ हैं? इसमें एलिसिन नामक सल्फर यौगिक होता है जो रक्त वाहिकाओं को आराम देता है। अध्ययनों से पता चलता है कि जो लोग लहसुन से भरपूर आहार खाते हैं, उनमें ब्लड सर्कुलेशन की समस्या कम होती है। इसका मतलब है कि हृदय को पूरे शरीर में रक्त पहुंचाने के लिए उतनी मेहनत नहीं करनी पड़ती है, जिससे आपका ब्लड प्रेशर भी काफी हद तक कंट्रोल में रहता है।


--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें