चुकंदर, सबसे पौष्टिक और सेहत के लिए फायदेमंद सब्जियों में से एक है। गाढ़े लाल रंग की यह सब्जी कई प्रकार के आवश्यक विटामिन्स, खनिज और पौष्टिकता से भरपूर होती है। सलाद और जूस के रूप में इसका सेवन वर्षों से किया जाता रहा है। कैलोरी में कम होने के साथ चुकंदर में प्रोटीन, फोलैट, मैग्नीशियम, विटामिन-बी और आयरन की प्रचुर मात्रा पाई जाती है, जो इसे सेहत के लिए अत्यंत फायदेमंद बनाती है। 100-ग्राम की मात्रा में चुकंदर से फोलेट के दैनिक आवश्यकताओं की 20 फीसदी तक की पूर्ति का जा सकती है। फोलेट, विटामिन बी-9 का एक प्रकार होता है जो लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में विशेष भूमिका निभाता है।
चुकंदर में मैंगनीज की भी अच्छी मात्रा में होती है, जो हड्डियों के निर्माण, पोषक तत्वों के मेटाबॉलिज्म, मस्तिष्क के कार्य को ठीक रखने और शरीर के लिए कई प्रकार के अन्य आवश्यक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसके अलावा चुकंदर में कॉपर भी पाया जाता है जो ऊर्जा उत्पादन के लिए आवश्यक है और आपको कार्य करने की शक्ति प्रदान करता है। दैनिक आहार में चुकंदर को जरूर शामिल करें। आइए इससे सेहत को होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।