कोरोना, पिछले तीन साल से वैश्विक स्तर पर गंभीर स्वास्थ्य जोखिम बना हुआ है, इसका खतरा अभी कम नहीं हुआ है। कई देशों में ओमिक्रॉन के एरिस (EG.5.1) और पिरोला (BA.2.86) जैसे वैरिएंट के कारण पिछले एक महीने में तेजी से संक्रमण के मामले बढ़ते हुए देखे गए हैं। नए वैरिएंट्स के कारण अस्पताल में संक्रमितों और यहां तक कि मरने वालों की संख्या भी बढ़ती हुई देखी जा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को कोरोना संक्रमण के खतरे को लेकर अलर्ट रहने की सलाह देते हैं।
इस बीच सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) वैज्ञानिकों ने हालिया रिपोर्ट में एक नए संक्रमण के बढ़ते मामलों के लेकर अलर्ट किया है। सीडीसी विशेषज्ञों ने कहा, संयुक्त राज्य अमेरिका के कई हिस्सों में विब्रियो वल्निकस नाम के बैक्टीरिया के कारण संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते देखे गए हैं, इस साल इस बैक्टीरिया से संक्रमण के कारण 13 लोगों की मौत भी हो चुकी है। लगभग 200 अमेरिकी हर साल विब्रियो वल्निकस के संक्रमण के शिकार होते हैं और उनमें से लगभग पांच लोगों की मौत हो जाती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को इस संक्रमण से बचाव के लिए प्रयास करते रहने की आवश्यकता है। आइए इस बैक्टीरिया और संक्रमण से होने वाले जोखिमों के बारे में जानते हैं।