फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Brain Tumor: सिर में अक्सर होता रहता है दर्द तो हो जाइए सावधान, कहीं आपको ब्रेन ट्यूमर तो नहीं?

Tue, 30 Jul 2024 02:21 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
ब्रेन ट्यूमर की समस्या - फोटो : istock
मस्तिष्क हमारे पूरे शरीर को नियंत्रित करने वाला अंग है, यही कारण है कि इसके विशेष देखभाल की भी आवश्यकता होती है। लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के साथ कई तरह की पर्यावरणीय स्थितियों के कारण इस अंग से संबंधित दिक्कतें बढ़ती देखी जा रही हैं। यहां तक कि कम उम्र के लोग भी मस्तिष्क रोगों के शिकार पाए जा रहे हैं। मस्तिष्क (ब्रेन) में ट्यूमर वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती ऐसी ही एक समस्या है। 

ब्रेन ट्यूमर, मस्तिष्क में या उसके आस-पास की कोशिकाओं में अनियंत्रित वृद्धि के कारण होता है। ये कैंसर कारक भी हो सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि मस्तिष्क में 120 से अधिक विभिन्न प्रकार के ट्यूमर विकसित हो सकते हैं। यदि परिवार में किसी को ब्रेन ट्यूमर हुआ हो तो अन्य लोगों को भी सावधान रहने की सलाह दी जाती है।इसके अलावा प्लास्टिक और रसायन उद्योग में काम करने वाले लोगों में भी इसका खतरा हो सकता है।

आइए जानते हैं कि किन लक्षणों से पता लगाया जा सकता है कि कहीं आपके ब्रेन में ट्यूमर तो नहीं है?
विज्ञापन

2 of 5
ब्रेन ट्यूमर का खतरा - फोटो : istock
ब्रेन ट्यूमर और इसके कारण

जॉन्स हॉप्किंस के विशेषज्ञ कहते हैं, बहुत से मामलों में ब्रेन ट्यूमर के कारण अज्ञात होते हैं। कई बार आनुवांशिकता और पर्यावरणीय जोखिम कारक इसके लिए जिम्मेदार माने जाते हैं। कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों में ब्रेन ट्यूमर का जोखिम अधिक देखा जाता रहा है। ब्रेन ट्यूमर के सभी मामले कैंसर वाले हों ये जरूरी नहीं है। समय पर इलाज से इसके गंभीर रूप लेने का खतरा कम किया जा सकता है।

डॉक्टर बताते हैं कुछ बहुत सामान्य से लक्षण भी ट्यूमर की तरफ संकेत देते हैं जिनपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
विज्ञापन

3 of 5
सिरदर्द की समस्या - फोटो : istock
अक्सर होने वाले सिरदर्द को न करें इग्नोर

रांची रिम्स में न्यूरोसर्जन डॉ विकास कुमार बताते हैं, ब्रेन ट्यूमर के लक्षण ट्यूमर के आकार और स्थान पर निर्भर करते हैं। कई मामलों में लक्षण इस बात पर भी निर्भर करते हैं कि ब्रेन ट्यूमर कितनी तेजी से बढ़ रहा है? सिरदर्द होना इसका प्रारंभिक संकेत माना जाता है। अक्सर होने वाले सिरदर्द को अनदेखा न करें। 

सिर में दर्द या दबाव जो सुबह के समय ज्यादा बढ़ जाता है या अक्सर बने रहने वाला सिरदर्द कई मामलों में ब्रेन ट्यूमर का संकेत हो सकता है। अगर आपको भी इस तरह की दिक्कत रहती है तो डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें। 

4 of 5
ब्रेन ट्यूमर के लक्षण - फोटो : istock
ब्रेन ट्यूमर के अन्य लक्षण

लगातार या तेज सिरदर्द की समस्या के अलावा बिना स्पष्ट कारण के उल्टी और मतली की दिक्कत होते रहना भी ट्यूमर का संकेत हो सकता है। ट्यूमर की समस्या वाले कई लोगों में धुंधला दिखने, दृष्टि में परिवर्तन या दोहरी दृष्टि जैसी दिक्कत भी देखी जाती रही है।

ब्रेन ट्यूमर की स्थिति शारीरिक संतुलन और समन्वय की समस्याएं जैसे चलने या बैठने में कठिनाई भी पैदा कर सकता है। इसके कारण बोलने में समस्या, शब्दों को याद रखने में कठिनाई होना, व्यक्तित्व या व्यवहार में परिवर्तन भी देखा जाता रहा है। सुस्ती या अत्यधिक नींद आना भी इस गंभीर समस्या की तरफ इशारा माना जाता है। 

इन सभी लक्षणों पर ध्यान देते रहें। अगर आपको इनमें से दो-तीन दिक्कतें कुछ समय से बनी हुई हैं तो इस बारे में डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
मस्तिष्क में ट्यूमर की समस्या - फोटो : istock
ब्रेन ट्यूमर में लक्षण नजर आना जरूरी नहीं

डॉक्टर बताते हैं, ब्रेन ट्यूमर में हर बार लक्षण नजर आएं ऐसा भी जरूरी नहीं है। कई मामलों में, विशेषकर वयस्कों में ट्यूमर अक्सर इतनी धीमी गति से बढ़ता है कि इस पर ध्यान नहीं जाता। कुछ स्थितियों में ट्यूमर तब तक लक्षण पैदा नहीं करते हैं जब तक कि इससे मस्तिष्क के अंदर स्वस्थ ऊतक या हिस्से बाधित न होने लग जाएं। यही वजह है कि शरीर में होने वाले छोटे-छोटे परिवर्तनों को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। समय पर निदान से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के खतरे से बचा जा सकता है।



-------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें