फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत की बात: बुढ़ापे में भी शरीर रहेगा फिट और तंदुरुस्त, विशेषज्ञों की सलाह- सीनियर सिटीजन्स का ऐसा रखें आहार

Fri, 07 Oct 2022 05:03 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
सीनियर सिटीजन्स का आहार - फोटो : istock
शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए सभी उम्र के लोगों को आहार में पौष्टिक और संतुलित चीजों के सेवन की सलाह दी जाती है। वजन को संतुलित बनाए रखने, ऊर्जावान रहने और शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों के लिए दैनिक आहार की पौष्टिकता का ध्यान रखना सभी के लिए आवश्यक है। उम्र बढ़ने के साथ चूंकि मांसपेशियों और हड्डियों में कमजोरी आने लगती है ऐसे में 50 की उम्र के बाद पौष्टिकता का ध्यान रखना और भी आवश्यक हो जाता है। इसमें की गई किसी भी प्रकार की लापरवाही कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को बढ़ा सकती है। 

डॉक्टर्स कहते हैं, उम्र बढ़ने के साथ  हृदय रोग और मधुमेह जैसी क्रोनिक स्वास्थ्य समस्याओं के साथ वजन बढ़ने और मांसपेशियों में कमजोरी की दिक्कत हो सकती है। समय के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर होती जाती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा और भी अधिक हो सकता है।

विशेषज्ञ कहते हैं, आहार की पौष्टिकता का ख्याल रखकर शरीर को बुढ़ापे में भी फिट और तंदुरुस्त रखने में मदद मिल सकती है। अपनी पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी लोगों को ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए जो फाइबर, विटामिन्स, खनिजों और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर हों। आइए जानते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए किस तरह के आहार का सेवन किया जाना चाहिए?
विज्ञापन

2 of 4
शरीर को स्वस्थ और फिट रखने वाले आहार - फोटो : Pixabay
पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ

जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए पोषक तत्वों की अधिक आवश्यकता होती है। पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ खाने से आपको आवश्यक विटामिन, खनिज, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और फैट प्राप्त करने में मदद मिलती है, ये सभी शरीर को रोग मुक्त रखने और कमजोरी दूर करने में मददगार होते हैं।

पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाते हैं जिससे बीमारियों का जोखिम कम होता है। इसके लिए आहार में हरी सब्जियां और फल, बीन्स और दालें, साबुत अनाज, कम फैट वाले डेयरी उत्पाद और प्रोटीन का सेवन अधिक से अधिक मात्रा में करें।
विज्ञापन

3 of 4
फाइबर वाले आहार का करें सेवन - फोटो : iStock
पर्याप्त मात्रा में लें फाइबर

स्वस्थ पाचन तंत्र, शरीर के फिटनेस के लिए बहुत आवश्यक है और पाचन को ठीक रखने के लिए फाइबर बहुत आवश्यक है। कब्ज और पेट की अन्य समस्याओं से बचने के लिए भोजन में फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों को जरूर शामिल करें। कोलेस्ट्रॉल के स्तर को ठीक बनाए रखने के लिए भी फाइबर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, इससे हृदय रोगों का खतरा भी कम होता है।

फाइबर के लिए फल और हरी सब्जियां,  बीन्स-दाल, जई और चोकर युक्त आहार, साबुत अनाज, चने आदि का सेवन किया जा सकता है। इससे सेहत को विशेष लाभ मिलता है।
विज्ञापन

4 of 4
शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत आवश्यक - फोटो : Pixels
शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी

जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है, आप प्यास लगने पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाते हैं। सुनिश्चित करें कि नियमित रूप से तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। रोजाना 6-8 गिलास पानी पीने का लक्ष्य रखें। आप जूस, सूप या पानी से भरपूर फलों और सब्जियों का भी सेवन करके शरीर को हाइड्रेटेड बनाए रख सकते हैं। शरीर में पानी की कमी होने से ब्लड प्रेशर से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम काफी बढ़ जाता है।



---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें