Father Day 2023: मां और बच्चे के रिश्ते को सबसे अनमोल कहा जाता है लेकिन पिता बच्चों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह होते हैं। पिता मां की तरह बच्चों से लाड भले ही न दिखा पाएं लेकिन बच्चे के जन्म के बाद से उसकी जरूरतों, उसकी सुरक्षा और भविष्य के लिए सबसे अधिक फिक्रमंद पिता ही होते हैं। वह दिन रात मेहनत करते हैं, ताकि उनका बच्चा आरामदायक जीवन जी सके। बच्चे के सपनों को साकार करने, उन्हें अच्छे स्कूल में भेजकर अच्छी शिक्षा देते के लिए पिता काफी कुछ करते हैं।
बच्चे के भविष्य को संवारने के लिए और उनका मार्गदर्शन करने के लिए कभी कभी पिता को कठोर भी बनना पड़ता है। बच्चे मां के सामने जितना घुले मिले होते हैं, शायद उतना पिता के साथ न हो पाएं। लेकिन जब उन्हें किसी चीज की जरूरत होती है, तो फरमाइशों के लिए वह पिता पर निर्भर होते हैं। अगर किसी बात की परमिशन चाहिए होती है तो पिता के पास जाते हैं।
बच्चे और पिता दोनों को एक दूसरे से लगाव होता है, लेकिन अक्सर ही दोनों खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं कर पाते हैं। पिता के सामने अपनी भावनाएं जाहिर करने, उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करने के लिए हर साल जून माह के तीसरे रविवार को फादर्स डे मनाया जाता है। इस वर्ष फादर्स डे 18 जून को मनाया जा रहा है। आप अपने पापा के लिए फादर्स डे यादगार बनाने के लिए इन तरीकों से दिन को सेलिब्रेट कर सकते हैं।