एयरपोर्ट तो आपने देखा ही होगा और वहां मिलने वाली लग्जरी सुविधाओं के बारे में भी जानते होंगे, लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी ठीक वैसी ही कुछ-कुछ लग्जरी सुविधाएं उपलब्ध हैं? दरअसल, पिछले कुछ सालों से देश के कुछ प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और सभी सुविधाओं से संपन्न बनाने की कोशिश की जा रही है, जिसमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भी शामिल है। इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक्जीक्यूटिव लाउंज खोला गया है, जिसे इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी आईआरसीटीसी ने तैयार किया है। यहां पर मिलने वाली सुविधाएं ठीक वैसी ही हैं, जैसी किसी एयरपोर्ट या फाइव स्टार होटल में मिलती हैं। आईआरसीटीसी के मुताबिक, एग्जीक्यूटिव लाउंज पूरी तरह से वातानुकूलित सुविधा से लैस है, जहां रेल यात्री अपनी ट्रेनों की प्रतीक्षा करते हुए रुक सकते हैं। सबसे अच्छी बात ये है कि ये एक्जीक्यूटिव लाउंज सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे खुले रहते हैं।