Cervical Cancer Vaccine: भारत समेत दुनिया के कई देशों में कैंसर के बढ़ते मामले चिंता बढ़ा रहे हैं। कैंसर कई प्रकार के होते हैं, जो ज्यादातर गंभीर और जानलेवा होते हैं। वैश्विक स्तर पर प्रतिवर्ष लाखों लोग कैंसर से मरते हैं। कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतिवर्ष 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। वहीं जनवरी में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह मनाते हैं। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं को होने वाला गंभीर कैंसर है। इसे गर्भाशय ग्रीवा की कोशिकाओं या गर्भाशय के मुंह का कैंसर भी कहा जाता है। भारत में सर्वाइकल कैंसर के मामले काफी तेजी से बढ़ते हुए रिपोर्ट किए जा रहे हैं। भारतीय महिलाओं में होने वाले तमाम प्रकार के कैंसर में 6-29% मामले सर्वाइकल कैंसर के होते हैं।
देश में सर्वाइकल कैंसर के आंकड़ों की रिपोर्ट चिंता बढ़ा रही है। जागरूकता का अभाव कैंसर के बढ़ते मामलों की वजह है। हालांकि यूनिसेफ और भारत सरकार सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पहली स्वदेशी वैक्सीन को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए भारत में टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो रही है, जिससे किशोरियों को इस रोग से छुटकारा मिल सकेगा। साथ ही उन्हें सर्वाइकल कैंसर के बारे में भी जानकारी दी जाएगी, ताकि वह यौन कारणों से होने वाले रोगों के बारे में जान सकें और बचाव कर सकें। आइए जानते हैं क्या है सर्वाइकल कैंसर, भारत में इसके मामले, बचाव के लिए टीकाकरण के बारे में।