उद्घाटन शिलापट्ट
- फोटो : अमर उजाला
हमारी मजदूरी का हिस्सा आपने अपने आशीर्वाद के रूप में दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार रांची हेडक्वॉर्टर से चलने वाली सरकार नहीं है। हमारी सरकार राज्य के गांव-गांव से चलने वाली सरकार है। यह जनता की सरकार है। जनता के दुःख, तकलीफ उनके आंसुओं को पोछने का हम हमेशा से प्रयास करते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोग पिछले दिनों आपके बीच आप सभी लोगों का आशीर्वाद पाने के लिए आए थे, तब मैंने कहा था हमने आप लोगों के लिए पूरे 5 साल मजदूरी की है, इसके लिए मुझे जेल भी जाना पड़ा है। इसलिए आप लोगों से हमें हमारी मजदूरी का हिस्सा मिलना चाहिए और आप सभी ने हमें हमारी मजदूरी का हिस्सा राज्य में एक मजबूत सरकार के गठन करने के रूप में दिया है। आप सभी का आशीर्वाद हमें सदैव प्राप्त होता रहा है, मुझे विश्वास है कि यही स्नेह और प्यार आने वाले समय में भी आप सभी लोग हमें देंगे।
यह भी पढ़ें: पीएम सूक्ष्म खाद उद्योग उन्नयन योजना महोत्सव का शुभारंभ, मंत्री संजय यादव ने युवाओं की दी सलाह
प्रत्येक सेक्टर में प्रतिबद्धता के साथ हो रहा है कार्य
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि पहले इस प्रमंडल में बिजली नहीं मिल पाती थी। वर्ष 2013-14 में जब हम पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, उस समय पलामू प्रमंडल को बिजली से किसी ने जोड़ने का काम किया था तो वह मेरे मुख्यमंत्रित्व काल में ही किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आधारभूत संरचना की बात करें तो हर ओर सड़क का निर्माण हो रहा है, उससे लोगों का आवागमन हो रहा है। कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ रही है। विगत पांच वर्षों में यहां जो बदलाव देखने को मिला। वह राज्य अलग होने के 20 से 22 साल तक देखने को नहीं मिला था। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक सेक्टर में राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोगों ने बंशीधर महोत्सव को राजकीय महोत्सव बनाया। इसी तरह पलामू प्रमंडल में हम लोगों ने आदिवासी भाइयों के दुबिया खांड मेला को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया है। अब इस राज्य में ऐसे सभी धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भावी योजना बनाने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद हम लोगों ने कलम चलाना प्रारंभ किया है, अभी इसे जमीन में उतरना बाकी है। आप सभी का आशीर्वाद आप लोगों का सहयोग यूं ही बना रहा तो विगत पांच साल में जो गति विकास को दिया गया है, उस गति को 100 गुना बढ़ाने का मैं वादा करता हूं। यहां की जो भी चिर परिचित मांगे है उन सभी मांगों का समाधान करने का कार्य राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सरकार गठन के बाद पहला सत्र हम लोग चला रहे हैं, इसके बाद सरकार आपके द्वार आएगी। आपकी समस्या का समाधान आपके दरवाजे पर करने का कार्य करेगी। एक बार पुनः मैं अपनी ओर से श्री बंशीधर महोत्सव की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देता हूं।
आठ योजनाओं का शिलान्यास, 19 योजनाओं का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 45 करोड़ 88 लाख 57 हज़ार रुपये की लागत से आठ योजनाओं की आधारशिला रखी। वहीं, 136 करोड़ 84 लाख 51 हज़ार रुपये की लागत की 19 योजनाओं का उद्घाटन किया। जिन महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन संपन्न हुआ, उनमें भंडरिया, रंका, धुरकी, चिनियां, रमकंडा और गढ़वा में मल्टीपरपस इनडोर स्टेडियम का निर्माण सहित स्वास्थ्य तथा पथ निर्माण विभाग के विभिन्न 19 योजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर विधायक अनंत प्रताप देव, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक नरेश प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, आईजी पलामू सुनील भास्कर, डीआईजी, श्रीवाई एस रमेश और जिले के उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।