नवरात्रि पर मां वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले भक्तों की संख्या पहले सात दिन में 2.90 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। नवरात्र पर औसतन हर रोज चालीस हजार से अधिक भक्त प्राकृतिक पिंडियों के दर्शन कर रहे हैं। शनिवार को अन्य दिनों के मुकाबले भक्तों की संख्या अधिक रही। आखिरी नवरात्रि तक भक्तों का कुल आंकड़ा साढे़ तीन लाख के पार होने की संभावना है। पंजीकरण कक्ष के मुताबिक दोपहर तक 21 हजार भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। शाम पांच बजे तक यह आंकड़ा तीस हजार से अधिक था। देर शाम कक्ष बंद होने के कुछ समय पहले तक 40 हजार भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। इससे पहले शुक्रवार को 38369 भक्तों ने प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष नमन किया था। पहले नवरात्र पर 48963, दूसरे पर 39135, तीसरे में 39546, चौथे दिन 41504 व पांचवें नवरात्र पर 36894 भक्तों ने भवन में माथा टेका था। गौरतलब है कि वर्ष 2016 के शारदीय नवरात्र पर 2,42,805, वर्ष 2017 के नवरात्र पर 3,02,057 वर्ष 2018 पर 3,18,753 भक्त मां के दरबार पहुंचे। अब तक नवरात्र में सबसे अधिक संख्या वर्ष 2012 में रही थी जब 3,52,893 भक्तों ने दर्शन किए थे।