यूपीएससी की साल 2010 की परीक्षा के टॉपर की मां और बहन के सामने 19 साल पहले आज ही के दिन आतंकियों ने उनके पिता की हत्या कर दी थी। इस परिवार पर दुखों का पहाड़ बस इसलिए टूटा था क्योंकि परिजनों ने आतंकियों को अपने घर में शरण देने से इनकार कर दिया था। हम बात कर रहे हैं शाह फैजल की। उनके पिता का नाम रसूल शाह था। इस घटना के समय शाह फैजल प्री-मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।
उस निर्मम हत्या के 19 साल होने पर शाह फैजल ने कहा '19 साल पहले आज ही के दिन हमारे कुपवाड़ा स्थित घर में मेरी मां और बहन के सामने आतंकियों ने मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी हत्या कश्मीर में समझदार आवाजों, बुद्धिजीवियों, विद्वानों और शांतिप्रिय लोगों को चुप कराने के अभियान का एक हिस्सा थी। आज उन्हें दिल से याद कर रहा हूं।'