जम्मू संभाग के सैन्य क्षेत्र बेलीचराना में शनिवार रात में दो संदिग्ध देखे गए। जिनकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। उधर, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रात में ही कानाचक सेक्टर के शामाचक में आसमान में पीले रंग की रोशनी देखे जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। रात साढ़े आठ बजे यह रोशनी जसवान से सिमलीवाला की ओर जाती देखी गई। ड्रोन की आशंका में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कानाचक पुलिस थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। हालांकि, ड्रोन देखे जाने की पुष्टि नहीं हो पाई है।
स्थानीय निवासी गौरव शर्मा, मुनीश सिंह और मुस्कान ने कानाचक पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएचओ कानाचक पुलिस थाना विश्व प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए। मुनीश ने बताया कि पीले रंग की लाइट रात साढ़े आठ बजे के करीब शामा चक में देखी गई। लाइट जसवान से सिमलीवाला की ओर जाती देखी गई। स्थानीय लोगों ने पूछताछ में एसएचओ को बताया कि सूचना देने वालों के अलावा किसी ने भी पीले रंग की लाइट नहीं देखी।