जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ चल रही है। मुठभेड़ का आज तीसरा दिन है, जिसमें कई घंटे तक हुई फायरिंग में सुरक्षाबलों ने दूसरे आतंकी को भी मार गिराया है। मारे गए आतंकी की शिनाख्त जैश-ए-मोहम्मद के टॉप कमांडर विलायत उर्फ सज्जाद अफगानी के रूप में हुई है। कश्मीर जोन के आईजी विजय कुमार ने इस सफल ऑपरेशन के लिए सुरक्षाबलों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सज्जाद का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी है। इससे पहले रविवार को जैश आतंकी नारपोरा निवासी जहांगीर अहमद वानी को मार गिराया गया था। जिसके पास से एम-4 कार्बाइन, मैगजीन, 9600 रुपये नकद व अन्य सामग्री बरामद हुई थी। ऑपरेशन के दौरान एक पुलिस कर्मी और एक नागरिक घायल हुआ था। साथ ही तीन घरों को भी नुकसान पहुंचा था।