आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार को भीड़ को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड हमला किया। हमला हरि सिंह हाई स्ट्रीट इलाके में दोपहर बाद किया गया, जिसमें एक महिला समेत सात स्थानीय नागरिक घायल हो गए। माना जा रहा है कि हमला लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से किया गया। घटना के बाद सुरक्षाबलों के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।