तबाही का मंजर, टूटे घर और खौफजदा चेहरे, बोल फूटने से पहले आंखें भर आती हैं...कुछ ऐसी दर्द भरी दास्तां है कठुआ के हीरानगर सेक्टर निवासी लोगों की। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान पूरी तरह से बौखलाया हुआ है। आतंकियों को घुसपैठ कराने की फिराक में वह आए दिन संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है। इतना ही नहीं पाकिस्तानी सेना रिहायशी इलाकों को भी निशाना बना रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाकिस्तानी सेना की ओर से की जा रही भारी गोलाबारी के कारण लगातार भयभीत रहते हैं। हर समय अपने परिवार को सुरक्षित रखना होता है। सामान्य जीवन जीना मुश्किल हो चुका है। हर पल मौत का साया सा मंडराया करता है।