रियासी के शिवखोड़ी आतंकी हमले में गिरफ्तार आतंकी मददगार हाकम दीन ने छह हजार रुपये के लिए श्रद्धालुओं की जान का सौदा आतंकियों के साथ किया था। सूत्र बताते हैं कि हमले को अंजाम देने वाले आतंकी वारदात से 15 दिन पहले हाकम दीन के घर तीन से चार बार आ चुके थे। उसके घर पर रुककर खाना वगैरह भी खाया।
वहीं रुककर चरवाहे का काम भी किया ताकि किसी को कोई शक न होने पाए। हाकम दीन ने आतंकियों को कंडा के आसपास मुख्य मार्ग की रेकी कराई,रास्ते के बारे में पूरी जानकारी दी। इस सारे काम के लिए उसे छह हजार रूपए दिए गए। एसएसपी मोहिता शर्मा ने बताया कि हाकम दीन से छह हजार रूपए बरामद किए गए है जो उस ने आतंकियों से लिए थे। हमले से एक दिन पहले आतंकी उस के घर पर रुके थे।