फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू में आसमानी आफत: बारिश की रफ्तार में ठहरा जनजीवन... दिन चढ़ते-चढ़ते डरावने होते गए हालात; डराती रही बरसात

Wed, 27 Aug 2025 10:13 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

जम्मू में बारिश की रफ्तार में जनजीवन ठहर गया। दिन चढ़ते-चढ़ते हालात डरावने होते गए। तवी नदी के दोनों ओर बसे शहरवासियों को रात भर बारिश डराती रही।
विज्ञापन
1 of 5
rain in jammu - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू में तवी नदी के दोनों तरफ बसे शहरवासियों को सोमवार की रात की बारिश ने सोने नहीं दिया। भय था कि कहीं गत रविवार जैसी आफत न आ जाए। मंगलवार की सुबह जब भोर हुआ तो लोगों की आंखें फटी रही गईं। हालात रविवार से अधिक डरावने थे। 

निचले इलाकों की सड़कों-गलियों में कई फीट पानी था। तवी उफनाई हुई थी। चारों तरफ से खतरे के निशान से नदी के ऊपर जाने के अलर्ट के बीच लोग काम पर भी निकले लेकिन जैसे-जैसे बारिश तेज होती गई तो जनजीवन थमता गया। विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। 

पानी की आपूर्ति पर असर पड़ा। कई इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो गए। आननफानन में कई इलाके खाली कराए गए। विश्वविद्यालय के छात्रावास भी खाली करा दिए गए। पुलिस की गाड़ियों के सायरन दिन भर बजाती रही। लाउडस्पीकर पर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी जाती रही। भारी बारिश ने शहर के लोगों को किस तरह से प्रभावित किया है, इसे जानने के लिए अमर उजाला की टीम ने ग्राउंड जीरो तक जाकर शहर के हालात जाने।
विज्ञापन

2 of 5
मंगलवार को भारी बारिश के बाद हर की पौड़ी मंदिर आंशिक रूप से जलमग्न हो गया। - फोटो : पीटीआई
केनाल रोड: पानी में फंस गईं गाड़ियां, न आफिस पहुंच सके और न घर
केनाल रोड पर बने फाॅरेन रजिस्ट्रेशन आफिस के आसपास के इलाकों में पानी भरा हुआ था। जो लोग घर से निकल चुके थे उनका लौटना मुश्किल हो रहा था। गाड़ियां रास्ते में पानी में फंस गईं। वह न ऑफिस पहुंच सके और न घर लौटने की स्थिति में थे। गाड़ियों को क्रेन से निकाल रहे पवन ने बताया कि सुबह के 11 बजे हैं अब तक यहीं से तीन गाड़ियां निकाल चुके हैं।
 
विज्ञापन

3 of 5
गुज्जर नगर के पास घर में पानी घुसते देख रो रो कर बेसुध हुई महिला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वहीं पर एयरफोर्स के एक वरिष्ठ अधिकारी अपनी कार के निकलने का इंतजार करे दिखे। वह लोगों को जलभराव की ओर जाने से रोकते भी नजर आए। पास के मंदिर में मौजूद पुजारी वरुण ने बताया कि यहां नहर का पानी जमा हो रहा है। सोमवार को पानी की निकासी हुई थी लेकिन अब फिर से भर गया। सीआईडी ग्रीवांस सेल के कर्मचारी भी वहीं मौजूद थे। वहां गिरे खंभे और बाहर खड़ी गाड़ियों को दिखाते हुए कहा कि ये लोग यहीं फंस गए हैं, अंदर कैसे जाएं।

4 of 5
भारी वर्षा के दौरान तवी नदी में जलस्तर बढ़ गया - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सतवारी : हर 10 कदम पर जलभराव
बिक्रम चौक होते हुए अमर उजाला की टीम जब सतवारी कैंट की ओर बढ़ी तो सड़क पर हर 10 कदम पर पानी भरा मिला। तेज होती बारिश के बीच वाहनों की कतारें लंबी भी होती गईं। सतवारी में शोरूम के संचालक प्रवीन ने कहा कि चारों तरफ से रास्ते बंद हैं। सारी दुकानें खुली हैं पर ग्राहक कैसे आएंगे। इस बरसात में लोग जान बचाएं या खरीदारी करने निकलेंगें। ऑटो चालक शुभम ने कहा कि दिन भर में 1000 रुपये तक कमाते हैं आज तो 50 रुपये की बोहनी ही हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
भारी वर्षा के दौरान तवी नदी में जलस्तर बढ़ गया - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मुट्ठी, तालाब तिल्लो और भगवतीनगर के भीतरी इलाकों में अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति
शहर के तालाब तिल्लो, मुट्ठी और भगवतीनगर आदि के भीतरी इलाकों में चारों ओर सिर्फ पानी नजर आया। एक तरह से अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति रही। दोपहर तक ज्यादातर दुकानें बंद हो गईं। मुट्ठी में जम्मू-कश्मीर वित्त विभाग के कार्यालय के सामने तेज बारिश में भी बरसाती पहने तरसेम और राजेंद्र सब्जी और फल की फड़ी लगाए बैठे थे लेकिन दोपहर तक एक भी ग्राहक नहीं आया था। अगर ऐसे ही हालात रहे तो पता नहीं गुजारा कैसे होगा।बारिश का रुख देख उन्होंने अपनी फड़ी समेटने की तैयारी शुरू कर दी थी। इस पूरे इलाके में पानी भरा था। जलभराव के बीच कई गाड़ियां सड़क पर ही बंद हो गईं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें