चैत्र नवरात्र के लिए धर्मनगरी मां वैष्णो के भक्तों के स्वागत के लिए तैयार है। हर साल की तरह इस बार भी मां वैष्णो देवी के दरबार, प्राकृतिक गुफा सहित यात्रा मार्ग को विदेशी फूलों से विशेष रूप से सजाया गया है। पूरा यात्रा मार्ग फूलों की खुशबू से सुगंधित हो उठा है। वहीं, अटका आरती के बाद से भवन में शतचंडी महायज्ञ शुरू हो जाएगा। हालांकि, कोरोना के चलते इस बार कटड़ा के बाजार में होने वाली विशेष दुर्गा पूजा और कलश यात्रा को रद्द कर दिया गया है। चैत्र नवरात्र पर मां के दर्शन के लिए भक्तों में काफी उत्साह है। इस बार नवरात्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। वहीं, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से भक्तों के स्वागत के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं।