जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कोरोना महामारी रोकथाम के लिए सभी 20 जिलों में कर्फ्यू की मियाद को एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया है। कोरोना कर्फ्यू की पाबंदियां अब 24 मई सोमवार सुबह सात बजे तक लागू रहेंगी। अनिवार्य सेवाओं और आवश्यक वस्तुओं के लिए दी गई छूट जारी रहेगी, लेकिन अन्य तमाम गतिविधियों पर सख्ती होगी। इससे पूर्व जारी आदेश के तहत कोरोना कर्फ्यू को 17 मई सोमवार सुबह सात तक लागू किया गया था।
कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या प्रदेश में 2.40 लाख के पार हो गई है। प्रदेश में तीन हजार से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। लगातार आ रहे मामलों को देखते हुए कर्फ्यू की मियाद बढ़ाने का फैसला लिया गया। गौरतलब है कि सरकार ने 29 अप्रैल को प्रदेश के 11 जिलों में कोरोना कर्फ्यू लगाया था, जिसे दूसरे ही दिन सभी 20 जिलाें में लागू कर दिया गया था।
दूसरी लहर में प्रदेश सरकार ने 8 अप्रैल को आठ जिलों के शहरी इलाकों में रात 10 से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया था। बाद में इसे सभी 20 जिलों के शहरी इलाकाें में लागू किया गया। मामले बढ़ने पर पाबंदियाें को बढ़ाने के फैसले लिए गए।