जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दूरदराज मढ़वा तहसील में नदी में बह रहे दो लोगों के लिए सेना फिर देवदूत बनकर आई। नवापाची गांव में उफनाती मरुसूधर नदी में बह रही जेसीबी में फंसे लोगों को 90 मिनट तक कड़ी मशक्कत के बाद बचा लिया गया। लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सेना के अदम्य साहस की सराहना की।
जानकारी के अनुसार मढ़वा तहसील के नवापाची गांव में मरुसूधर नदी के साथ सड़क का निर्माण कार्य जारी था। इस दौरान निर्माण में लगी जेसीब खिसककर नदी में गिर गई। देखते ही देखते जेसीबी करीब 500 मीटर दूर तक बह गई। इसमें जेसीबी ऑपरेटर के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। घटना की जानकारी होती ही इलाके में हाहाकार मच गया। बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नवापाची चौकी से सेना ने तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।