नियंत्रण रेखा से घुसपैठ कर भारतीय क्षेत्र में पहुंचने वाले तीनों पाकिस्तानी नाबालिग पुंछ के एक स्कूल में पहुंचे तो वह बच्चों को पढ़ाई करते देख रो पड़े। भावुक होकर बोले, सभी को भारतीय सेना से सीखना चाहिए। बताया कि भारतीय सेना के जवानों ने उनके साथ परिवार की तरह व्यवहार किया। ऐसा लगा कि हम अपने घर में हैं।
दरअसल, बुधवार को पुंछ जिले में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के गुलपुर सेक्टर से घुसपैठ कर भारतीय क्षेत्र में पहुंचे तीन नाबालिगों को सेना ने पकड़ लिया था। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए ले जाया गया। तीनों से सेना और अन्य एजेंसियों ने भारतीय क्षेत्र में आने के बारे में पूछताछ की।
पता चला कि तीनों बच्चे गलती से भारतीय इलाके में पहुंचे हैं। इसके बाद सेना उन्हें अपने साथ नमाज अदा करने के लिए मजिस्द में ले गई। साथ ही पास के एक स्कूल भी ले गई। स्कूल में बच्चों को पढ़ते देख तीनों की आंखें भर आईं। वह कुछ देर तक बच्चों को एकटक देखते रहे।