डीजीपी दिलबाग सिंह, आईजीपी कश्मीर विजय कुमार और एसपी पूर्वी क्षेत्र श्रीनगर तनुश्री ने रविवार को अस्पताल पहुंचकर सोपोर आतंकी हमले में घायल हुए दोनों जवानों से बातचीत की। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में शनिवार को घात लगाकर सुरक्षाबलों पर किए गए आतंकियों के हमले में दो पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। दो नागरिक भी मारे गए। इस घटना में एक एसआई समेत दो पुलिसकर्मी और दो नागरिक भी घायल हुए।
डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने घटना को अंजाम दिया। हमलावरों की शिनाख्त कर ली गई है। हमले के बाद आस-पास के इलाकों में व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आतंकियों का सुराग नहीं लगा। शनिवार को कोविड ड्यूटी के लिए तैनात जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक टीम पर आतंकियों ने सोपोर के आरामपोरा इलाके में हमला कर दिया। आतंकियों ने पहले एक जिप्सी पर ग्रेनेड दागा जिसके फटने से जिप्सी के पेट्रोल टैंक में आग लग गई। बाद में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।