घाटी में कोरोना का पहला पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद प्रशासन की तरफ से लगाई पाबंदियों पर लोगों का पूरा सहयोग मिल रहा है। शुक्रवार सुबह से सड़कों पर 10-15 प्रतिशत लोग ही दिखाई दिए। ये भी ऐसे थे, जिनका घर से निकलना मजबूरी थी। जुमे की नमाज के दौरान भी कम भीड़ दिखी। कई मुख्य जगहों पर तारबंदी कर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। ऐसी ही रिपोर्ट दक्षिणी कश्मीर के शोपियां, पुलवामा, अनंतनाग और कुलगाम जिलों के अलावा उत्तरी कश्मीर के बारामुला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा के साथ बडगाम और गांदरबल समेत घाटी के अन्य हिस्सों से मिली।