दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के राजपोरा में बुधवार को सुरक्षा बलों ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर समेत दो दहशतगर्दों को ढेर कर दिया। मारा गया कमांडर यासिर परे आईईडी एक्सपर्ट था। उसके साथ एक पाकिस्तानी आतंकी फुरकान भी मारा गया। मारे गए आतंकियों से दो एके राइफल, दो यूबीजीएल, 12 ग्रेनेड, कई मैगजीन और गोलियां बरामद की गई हैं।
आतंकी यासिर के गांव कस्बायार में चल रही मुठभेड़ की निगरानी कर्नल एके सिंह कर रहे थे। उन्होंने यासिर के पिता को मौके पर बुलाकर समर्पण के लिए कहा, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। यासिर का साथी पाकिस्तानी आतंकी फुरकान लगातार भारी फायरिंग करता रहा। यासिर दक्षिण कश्मीर में सक्रिय जैश के विभिन्न ग्रुपों को गाइड करता था। इसके चलते संगठन में 2018 में शामिल होने के बाद वह लगातार अपना कद बढ़ाता गया।