कठुआ में दो आतंकी ढेर
- फोटो : PTI
कई जवान हुए घायल
सूत्रों के अनुसार बुधवार रात दो बजे एसएसपी कठुआ के नेतृत्व में एसओजी और सीआरपीएफ के दो सौ से ज्यादा जवानों ने इलाके में आतंकियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया। सुबह रोशनी की पहली किरण के साथ ही इलाके में आतंकियों की मौजूदगी को सुरक्षाबलों ने महसूस करते हुए घेराबंदी शुरू कर दी। सुबह आठ बजे आतंकियों से आमना-सामना होते ही गोलीबारी शुरू हो गई। प्राथमिक गोलीबारी में कुछ जवानों के घायल होने की जानकारी सामने आई, लेकिन गोलीबारी के बीच घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में समय लगा। सुबह करीब 11:15 बजे अखनूर निवासी एसपीओ भरत चलोत्रा को जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया। शाम पांच बजे हीरानगर के भगवाना चक निवासी एसपीओ हैप्पी शर्मा को जीएमसी कठुआ में उपचार के लिए लाया गया। हैप्पी शर्मा ग्रेनेड हमले में घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। शाम पांच बजे के लगभग सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक बार फिर भारी गोलाबारी का दौर शुरू हुआ। इसमें एक पैरा कमांडो के घायल होने के बाद उसे एयरलिफ्ट कर सैन्य अस्पताल ले जाया गया। उधर, ऑपरेशन के दौरान डीएसपी बॉर्डर धीरज कटोच को भी गोली लगी। उन्हें शाम के समय मुठभेड़ स्थल से बाहर लाया गया। फिलहाल उन्हें उपचार के लिए जीएमसी कठुआ लाया गया है।