केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को जम्मू में मकवाल बॉर्डर पहुंचे। यहां उन्होंने जवानों से भी बातचीत की। कहा कि उन्हें बिना किसी चिंता के देश की रक्षा करनी चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार उनके परिवारों की देखभाल करेगी। इसके बाद उन्होंने एक स्थानीय निवासी का मोबाइल नंबर लिया और अपना नंबर भी साझा किया। नागरिक से कहा कि जब भी जरूरत हो, उनसे संपर्क कर सकते हैं। साथ ही नागरिकों को बताया कि मोदी सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में हर सुविधा प्रदान करने और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके साथ उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद थे।
इससे पहले भगवती नगर मैदान में अमित शाह ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर की शांति में खलल डालने के तमाम तरह की साजिशें चल रही हैं। वह प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाते हैं कि यह साजिशें न तो कामयाब होंगी और न ही सफल होने दी जाएंगी। प्रदेश का युवा विकास की राह पर आगे बढ़ चला है, दहशतगर्द उनका कुछ बिगाड़ नहीं पाएंगे।
शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा जम्मू वालों के साथ अन्याय का युग अब समाप्त हो चुका है। जम्मू हो या कश्मीर संभाग दोनों के साथ न्याय होगा। प्रधानमंत्री मोदी के शासन में किसी के साथ अन्याय नहीं हो सकता। जम्मू में विकास युग की शुरूआत हो चुकी है। युवा सचेत हो गया है। यदि युवा वर्ग गरीबों की सेवा में जुट जाए तो दहशतगर्द कुछ नहीं बिगाड़ सकते।