जम्मू में सरकारी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर विजय कुंडल ने कहा है कि कोरोना का उपचार करने से अच्छा है इससे बचाव। इसके बचाव में मास्क पहनना, बार-बार अच्छी तरह हाथ साफ करना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना शामिल है। डॉक्टर ने जरूरी होने पर ही बाहर जाने, मास्क पहनने और भीड़ से बचने के सरकार के निर्देशों को दोहराया। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि अपने आसपास के लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में सिखाएं। साथ ही उन्होेंने टीकाकरण को कोरोना के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार बताया।
डॉक्टर विजय ने सलाह दी कि संक्रमित होने पर घबराएं नहीं, क्योंकि ज्यादातर कोविड मामले हल्की श्रेणी में आते हैं और आसानी से ठीक हो जाते हैं। ऐसे लोगों में खांसी-जुकाम जैसे लक्षण होते हैं। उन्हें तुरंत खुद को अलग कर लेना चाहिए और स्वस्थ भोजन करना चाहिए। इसके अतिरिक्त अधिकांश मामलों में बिना किसी सहवर्ती रोग के कोविड रोगी आसानी से ठीक हो जाते हैं।