मानसून के आखिरी पड़ाव के बीच मौसम में बदलाव आया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात में अब ठंड होने लगी है। कश्मीर के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे चल रहा है, जबकि जम्मू संभाग में यह पारा 25 डिग्री तक पहुंच गया है। दिन में गर्मी से कुछ राहत मिली है, लेकिन उमस अभी कायम है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम लगभग साफ रहेगा। जम्मू में शुक्रवार की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। दोपहर बाद भी बादल छा गए थे। शाम तक बारिश का इंतजार ही रहा। पिछले कुछ दिनों की तुलना में सितंबर में जम्मू के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री और दिन का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात्रि में ठंडी हवाओं से गर्मी से राहत मिल रही है।