फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Top News: लाल सागर में भारतीय जहाज पर हमला; लोकसभा अधिकारी ने लगाई फांसी; यरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद पर तनाव

Wed, 05 Aug 2026 04:59 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 13
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
आज बुधवार, 05 अगस्त 2026 की सुबह देश-दुनिया की बड़ी और हलचल भरी खबरों के साथ आपका अमर उजाला हाजिर है। देश-दुनिया में आज कई बड़ी घटनाएं सुर्खियों में रहीं। लाल सागर में भारतीय कार्गो पोत पर हुए हमले के बाद जहाज डूब गया, हालांकि उसमें सवार सभी 13 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। घटना के बाद भारत सरकार ने संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के लिए मक्का, दुबई, गुलाम कश्मीर और ब्रिटेन से फंडिंग के आरोप सामने आए हैं, जिसके बाद विदेश में मौजूद आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी किए गए हैं। दूसरी ओर, दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समय सीमा फिर बढ़ाकर 17 अगस्त कर दी गई है और बूथ स्तर पर घर-घर सत्यापन जारी रहेगा। कर्नाटक में सियासी तनातनी के बीच मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने विधान परिषद के सभापति बसवराज होरट्टी से इस्तीफे की मांग की, जिस पर होरट्टी ने भी जवाब दिया। तमिलनाडु में तृषा पर टिप्पणी मामले में रिहाई के बाद उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि उन्हें डराया नहीं जा सकता। वहीं, एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने भारत में ही अपना एआई डाटा रखने की योजना बनाई है, जिससे देश में साझेदारी और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें एक जगह और एक ही क्लिक में...
विज्ञापन

2 of 13
लाल सागर में जहाज पर हुआ हमला (फाइल फोटो) - फोटो : Amar Ujala Graphics
लाल सागर में भारतीय जहाज पर हमला: 13 भारतीय नाविक सुरक्षित; सरकार ने क्या दिए निर्देश?
लाल सागर में एक बार फिर समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यमन के समुद्री क्षेत्र के पास भारतीय ध्वज वाले मालवाहक पोत एमएसवी फैजे नूरे ओलिया पर हमला हुआ, जिसके बाद जहाज समुद्र में डूब गया। राहत की बात यह रही कि चालक दल के सभी 14 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद भारत सरकार ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

3 of 13
सांकेतिक चित्र - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
घाटी में आतंक के लिए मक्का से फंडिंग, आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी
काउंटर इंटेलिजेंस एजेंसी कश्मीर (सीआईके) ने विदेशी टेरर फंडिंग का बड़ा भंडाफोड़ किया है। दुबई, पाकिस्तान के कब्जे वाले गुलाम कश्मीर और यूनाइटेड किंगडम में मौजूद आरोपी मोहम्मद इकबाल नैमा उर्फ अनीस, मुख्तार अहमद बाबा और शमीमा शॉल टेरर फंडिंग की अहम कड़ी के रूप में सामने आई हैं। तीनों आरोपियों पर जम्मू-कश्मीर में आतंकियों, अलगववादियों और आतंकियों के मददगार यानी ओजीडब्ल्यू की फंडिंग के लिए मक्का में 13,600 सऊदी रियाल जमा करने का आरोप है। एजेंसी के सूत्रों के अनुसार यह रकम 10 लाख रियाल तक भी पहुंच सकती है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 2.53 करोड़ रुपये होगी। पढ़ें एक क्लिक पर...

4 of 13
लोकसभा के संयुक्त निदेशक ने की आत्महत्या - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
कर्ज में डूबे लोकसभा के संयुक्त निदेशक ने की आत्महत्या
भारी कर्ज में दबे लोकसभा के संयुक्त निदेशक ने आत्महत्या कर ली। अधिकारी का शव रविवार को उनके घर में फंदे से लटका मिला। उनकी पत्नी घटना के वक्त घर पर नहीं थीं। लौटने के बाद उनकी सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घर से 10 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी और लगभग 70 लाख रुपये के कर्ज का उल्लेख है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

5 of 13
अल-अक्सा मस्जिद के आधार पर टकराव की आशंका - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
यरूशलम में अल-अक्सा मस्जिद पर तनाव बढ़ा: इस्राइल पर क्या आरोप?
यरूशलम के सबसे पवित्र मुस्लिम धार्मिक स्थल अल-अक्सा मस्जिद परिसर पर इस्राइल के कब्जे के बढ़ते खतरे को लेकर पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव गहरा गया है। जॉर्डन ने इस स्थिति को अत्यंत गंभीर बताते हुए आगाह किया है कि अगर ऐतिहासिक धार्मिक व्यवस्था से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ, तो यह मामला पूरे क्षेत्र में एक भयानक धार्मिक युद्ध का रूप ले सकता है। इस संकट पर चर्चा करने के लिए जॉर्डन ने अरब और इस्लामिक जगत के देशों के विदेश मंत्रियों की बुधवार को आपातकालीन बैठक बुलाई है। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

6 of 13
सांकेतिक चित्र - फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में एसआईआर की समय सीमा फिर बढ़ी, अब 17 अगस्त तक चलेगा सत्यापन
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समय-सीमा दूसरी बार बढ़ा दी गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) का घर-घर सत्यापन अब 17 अगस्त तक चलेगा। प्रारूप मतदाता सूची 24 अगस्त को प्रकाशित होगी, जबकि दावे और आपत्तियां 24 अगस्त से 23 सितंबर तक स्वीकार की जाएंगी। इनके निस्तारण की अंतिम तिथि 22 अक्तूबर तय की गई है और अंतिम मतदाता सूची 27 अक्तूबर को जारी होगी। पढ़ें एक क्लिक पर...
विज्ञापन

7 of 13
एंथ्रोपिक ने भारत के लिए बड़ी योजना बनाई - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स-एआई
भारत में ही रहेगा एआई डाटा; एंथ्रोपिक की साझेदारी की योजना में क्या?
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र की कंपनी एंथ्रोपिक ने भारत में अपने कारोबार का विस्तार करते हुए घोषणा की है कि उसके क्लाउड एआई मॉडल अब अमेजन बेडराॅक के भारतीय बुनियादी ढांचे के जरिए उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही क्लाउड एआई का संचालन भारत में मौजूद सर्वर पर ही होगा। इसे इन-कंट्री इन्फेरेंस कहा जाता है। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ बैंकिंग, सरकारी एजेंसियों, स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और अन्य विनियमित क्षेत्रों को मिलेगा, जहां संवेदनशील और गोपनीय डाटा का उपयोग होता है। पढ़ें पूरी खबर...

8 of 13
सुप्रीम कोर्ट - फोटो : ANI
सुप्रीम कोर्ट में त्रिभाषा नीति पर जल्द सुनवाई
सीबीएसई की 9वीं कक्षा के छात्रों के लिए तीन भाषाएं पढ़ना अनिवार्य करने की नीति को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में जल्द सुनवाई की मांग की गई। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ से आग्रह किया कि मामले की सुनवाई बुधवार या बृहस्पतिवार को की जाए, क्योंकि नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और छात्र असमंजस में हैं। पढ़ें एक क्लिक पर...

9 of 13
कर्नाटक में सियासी खींचतान - फोटो : Amar Ujala Graphics
कर्नाटक CM शिवकुमार ने मांगा विधान परिषद के सभापति का इस्तीफा
कर्नाटक विधान परिषद के सभापति बसवराज होरट्टी ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने उन्हें फोन कर पद से इस्तीफा देने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर भाजपा और जेडीएस नेताओं से चर्चा करने के बाद अपना फैसला लेंगे। यह घटनाक्रम कांग्रेस हाईकमान की ओर से सोमवार को मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को भेजे गए उस पत्र के बाद सामने आया, जिसमें राज्य विधान परिषद के सभापति पद के लिए सलीम अहमद और उपसभापति पद के लिए उमाश्री के नाम को मंजूरी दी गई। पढ़ें एक क्लिक पर...

10 of 13
प्रदीप रावत - फोटो : अमर उजाला
कैंसर से जंग हार गए अभिनेता प्रदीप रावत
'लगान', 'गजनी', 'छत्रपति' और 'वीरम' समेत कई ब्लॉकबस्टर और चर्चित फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता प्रदीप रावत के निधन की दुखद खबर आई है। अभिनेता प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ ने अमर उजाला से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा, 'हां, यह खबर सही है... उनका कुछ घंटे पहले निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के भिवंडी इलाके के अस्पताल में अंतिम सांस ली'। पढ़ें पूरी खबर...

11 of 13
विलियम्स बहनें - फोटो : IANS
सिनसिनाटी ओपन में फिर साथ दिखेंगी विलियम्स बहनें
सेरेना विलियम्स और वीनस विलियम्स एक बार फिर डबल्स कोर्ट पर साथ उतरने के लिए तैयार हैं। यूएस ओपन से पहले होने वाले प्रतिष्ठित सिनसिनाटी ओपन में दोनों को डबल्स ड्रॉ के लिए वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है। टूर्नामेंट आयोजकों ने सोमवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। यह 2022 यूएस ओपन के बाद पहला अवसर होगा, जब दोनों बहनें किसी आधिकारिक मुकाबले में डबल्स जोड़ी के रूप में खेलती नजर आएंगी। पढ़ें एक क्लिक पर...

12 of 13
अमित शाह से मिले CM सावंत - फोटो : Amar Ujala Graphics
अमित शाह से मिले CM सावंत, चुनाव से छह माह पहले सियासी सरगर्मियां बढ़ीं
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की 40 सदस्यीय विधानसभा में अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए राजनीतिक आरक्षण की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने का अनुरोध किया। मुलाकात के बाद प्रमोद सावंत ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने उनके अनुरोध पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने इसके लिए अमित शाह का आभार भी व्यक्त किया। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन

13 of 13
उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी के बाद क्या-क्या हुआ? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
'मुझे डराया नहीं जा सकता', रिहाई के बाद बोले- उदयनिधि स्टालिन
तमिलनाडु में डीएमके नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी और कुछ घंटों बाद रिहाई को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित प्रदर्शन के दौरान दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें स्टेशन बेल पर रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद उदयनिधि ने दावा किया कि उन्होंने वह बयान कभी दिया ही नहीं, जिसके आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें