तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की सरकार को एक साल पूरा हो गया। इस मौके पर सीएम स्टालिन ने शनिवार को चेन्नई में मरीना समुद्र तट के किनारे करुणानिधि मेमोरियल से अन्ना मेमोरियल तक सरकारी बस में संक्षिप्त सैर की। वे बस नंबर 29 सी में राधाकृष्ण सलाई से सवार हुए थे। स्टालिन ने महिला यात्रियों से खासकर उन्हें दी गई सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा के बारे में बात की। बस में सफर करने के बाद स्टालिन तमिलनाडु विधानसभा पहुंचे और अपनी सरकार को एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में कई लोक कल्याणकारी घोषणाएं कीं।
बस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री स्टालिन ने यात्रियों से अपनी सरकार व बस सेवाओं को लेकर चर्चा की। स्टालिन अपनी पार्टी द्रमुक के भी प्रमुख हैं। मुथुवेल करुणानिधि स्टालिन (MK Stalin) ने पिछले साल 7 मई को सीएम पद की शपथ ली थी। वे पहली बार सीएम बने हैं। द्रमुक को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2021 में भारी जीत मिली थी। महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा राज्य में अप्रैल 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ द्रमुक द्वारा किया गया एक चुनाव पूर्व वादा था।
स्कूली विद्यार्थियों को मिलेगा पौष्टिक नाश्ता
सीएम स्टालिन ने विधानसभा में घोषणा की कि तमिलनाडु के सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को सभी कार्य दिवसों में पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य के विकास के 'द्रविड़ मॉडल' को दोहराया और कहा कि यह एक समावेशी मॉडल है। शहरी चिकित्सा सुविधाओं को इजाफा किया जाएगा।
इसलिए रखा स्टालिन नाम
तमिलनाडु के ख्यात नेता रहे स्व. करुणानिधि ने अपने बेटे का नाम रूस के ख्यात नेता व तानाशाह रहे जोसफ स्टालिन के नाम पर रखा। दरअसल 5 मार्च 1953 को स्टालिन का निधन हुआ था। इसके चार दिन पहले करुणानिधि के घर बेटा हुआ था। जब करुणानिधि को पता चला कि स्टालिन नहीं रहे हैं तो उन्होंने अपने बेटे का नाम एमके स्टालिन रख दिया था।