लंबे अरसे के बाद भारतीय वायु सेना के बेड़े में विदेश से कोई लड़ाकू विमान शामिल होने जा रहा है। पांच राफेल विमानों ने फ्रांस से उड़ान भर चुकी है और बुधवार तक वो भारत की धरती पर लैंड भी कर जाएंगे।
भारत की हवाई ताकत को कई गुना बढ़ाने वाले इन विमानों को हमारी वायु सेना के 12 जांबाज पायलट ही उड़ाकर ला रहे हैं। सोमवार सुबह फ्रांस से रवाना हुए ये पायलट दो दिन का लंबा सफर तय करेंगे। करीब 7000 किलोमीटर लंबे सफर के दौरान विमान रास्ते में आबूधाबी रुकेंगे। फिर मंगलवार को वहां से भारत के लिए रवाना होंगे। इस दौरान दो बार हवा में ही ईंधन भी भरा जाएगा। सोमवार को फ्रांसीसी कंपनी, भारतीय दूतावास और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच इन जांबाज पायलटों ने कमान संभाली और पूरे जोश के साथ उड़ान भरी। भारतीय राजदूत जावेद अशरफ ने इन पायलटों से मुलाकात कर इन्हें पहली उड़ान के लिए बधाई भी दी।